मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के डंगौली गन्नीपुर गांव के निकट रविवार को अरहर के खेत में हत्या कर फेंकी ग्रइ लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मरने वाले की पहचान उसी गांव के राजगीर मिस्त्री अच्छेलाल चौहान के रूप में हुई।
उसके पैर पर गर्म पदार्थ पड़ने से फफोले और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। राजगीर के भाई ने पुलिस को हत्या किए जाने की तहरीर दी है। पुलिस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की बात कह रही है।
डंगौली गन्नीपुर गांव निवासी अच्छेलाल चौहान (40) पुत्र फौजदार शनिवार को घर से निकला तो फिर देर रात तक वापस नहीं लौटा। रात में अच्छेलाल के घर न पहुंचने पर परिवार के सदस्य परेशान थे। सदस्यों ने उसकी इधर उधर तलाश भी की लेकिन पता नहीं लग।
सुबह गांव के समीप स्थित एक ईंट भट्ठे के बगल अरहर के खेत में ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो अवाक रह गए। शव मिलने की सूचना गांव में पहुंचते ही मौके पर सैकड़ों ग्रामीण पहुंच गए।
अच्छेलाल का शव औंधे मुंह अरहर के खेत में फेंका गया था। उसके नाक और मुंह से खून आ रहा था। दोनों पैरों पर किसी गर्म पदार्थ के गिरने से फफोले पड़ गए थे। वहीं, गले में भी निशान दिखाई दे रहे थे। कयास लगाया जा रहा था कि उसके शरीर पर बेरहमी से किसी ने खौलता हुआ पानी डाल दिया और गला दबाकर हत्या करके उसका शव को अरहर के खेत में फेंक दिया गया।
सूचना पाकर मौके पर सीओ मुहम्मदाबाद गोहना आनंद कुमार, कोतवाल हवलदार यादव पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में कोतवाल हवलदार यादव का कहना है कि अच्छेलाल चौहान के भाई मोती ने हत्या की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता लग पाएगा कि मामला हत्या का है या नहीं। पुलिस मामले में जांच पड़ताल में लगी हुई है।