अमिला/घोसी। घोसी के कटिहारी गांव में दीपावली के दिन खूनी संघर्ष में 19 वर्षीय अंकित चौहान की हत्या के 15 दिन बाद हमले में घायल दादा 58 वर्षीय शिवलाल चौहान की मौत हो गई।
मौत से गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस टीम ने गांव में पहुंचकर पीड़ित परिवार से बातचीत की। ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की। दीपावली की रात पड़ोसियों ने पीट-पीटकर अजय चौहान (19) की हत्या कर दी थी। 20 अक्तूबर की रात नौ बजे कटिहारी बुजुर्ग गांव में लक्ष्मी पूजा पंडाल के पास पटाखा जलाने के विवाद में मारपीट हो गई थी। इसमें 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। मारपीट में घायल अजय चौहान की जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी। जबकि मारपीट में उसके दादा शिवलाल चौहान (58) की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया था। परिजनों ने बीएचयू में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान मंगलवार की शाम शिवलाल की मौत हो गई। एक ही परिवार में 15 दिन में दो मौतों से परिजन दहल गए हैं। मामले में पुलिस ने अजय के छोटे भाई विवेक चौहान की तहरीर पर मरजीत, समरजीत, विशाल, संदीप, महेंद्र, राजीव, मोलई को नामजद और बीस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जबकि घटना के अगले दिन ही तीन आरोपी अमरजीत, समरजीत और विशाल को गिरफ्तार कर लिया गया था।
कोट -
दीपावली के दिन हुई मारपीट में एक और घायल की मौत हो गई है। पुलिस टीम ने गांव में पहुंचकर पीड़ित परिवार से बातचीत की। ग्रामीणों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इस मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, अन्य की तलाश जारी है।
- जितेंद्र सिंह, सीओ घोसी
इनसेट
क्राइम इंस्पेक्टर सहित 10 पुलिसकर्मियों की गांव में रही तैनाती
घायल दादा की मौत के बाद गांव में तनाव बढ़ता देख सीओ जितेंद्र सिंह ने क्राइम इंस्पेक्टर सहित 10 पुलिसकर्मियों की तैनाती की। पुलिस टीम बुधवार की सुबह और रातभर पीड़ित परिवार के घर के सामने पुलिस टीम निगरानी करती रही।