मधुबन। थाना क्षेत्र के जझौली निवासी रमेश चंद्र पांडेय की भूमिधरी पर सीमांकन के बाद लगाए गए पत्थर उखाड़कर कब्जा करने के आरोप में पुलिस ने नेवादा गोपालपुर निवासी चंद्रभान यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित ने आरोपी पर गाली-गलौज, मारपीट के लिए दौड़ाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रमेश चंद्र पांडेय की तहरीर के मुताबिक उनकी अम्मा भेलउर स्थित भूमिधरी का सीमांकन कराया गया था। सीमांकन के दौरान खेत की उत्तर-पूर्व दिशा में दो पत्थर लगाए गए थे। आरोप है कि चंद्रभान यादव ने दोनों पत्थरों को उखाड़कर चोरी कर लिया और भूमि पर जबरन कब्जा कर लिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी खुद को राजस्व निरीक्षक का रिश्तेदार बताकर लगातार धमकी देता रहा।
भूमि विवाद को लेकर रमेश चंद्र ने 11 जुलाई को थाना समाधान दिवस में शिकायत की थी। इसके बाद 13 जुलाई को राजस्व निरीक्षक योगेंद्र यादव के नेतृत्व में राजस्व टीम मौके पर पहुंची और दोबारा पत्थर नसब कराया। आरोप है कि राजस्व टीम के मौके से लौटते ही चंद्रभान यादव ने फिर से दोनों पत्थरों को उखाड़कर फेंक दिया और भूमि पर कब्जा कर लिया।
तहरीर के आधार पर चंद्रभान यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -कृष्ण कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी निरीक्षक