तहसील बार एसोसिएशन सदर के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सदर तहसील परिसर स्थित सभी न्यायालयों में न्यायिक कार्यों में हो रही अनियमितताओं से समस्या उत्पन्न हो रही है। संगठन के माध्यम से पहले भी ज्ञापन देकर मामले से अवगत कराया गया था, लेकिन अभी तक उसका निस्तारण नहीं किया जा सका है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि नए वादों को समय से दर्ज नहीं किया जा रहा है और न ही पीठासीन अधिकारियों की ओर से पृष्ठांकन किया जा रहा है। वाद ऑनलाइन करने के बाद उप्र राजस्व संहिता-2006 के उपबंधों के अनुक्रम में बिना आख्या तलब किए सरसरी तौर पर वादों को अदम पैरवी में निरस्त किया जा रहा है।
न्यायालयों में व्याप्त अव्यवस्था से वादकारियों और अधिवक्ताओं को तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। समस्या का अविलंब निस्तारण किए जाने की मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने वालों में एसएन राय, अखिलेश श्रीवास्तव, शैलेंद्र राय, रविंद्र नाथ प्रजापति, राजेश कुमार पांडेय, बालमुकुंद सिंह, पवन कुमार श्रीवास्तव आदि शामिल थे।