घोसी। स्थानीय तहसील के तहसीलदार के स्थानांतरण करने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का प्रदर्शन चौथे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। नाराज अधिवक्ताओं ने तहसील का चक्रमण करते हुए जमकर नारेबाजी किया। साथ ही न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया।
तहसील बार एसोशिएशन घोसी के अध्यक्ष अनिल कुमार मिश्र के नेतृत्व में मंगलवार को चौथे दिन अधिवक्ताओं ने घोसी तहसील में चक्रमण करते हुए जमकर नारेबाजी करते हुए तहसीलदार घोसी को स्थानांतरित करने की जिद पर अड़े रहे। उधर सभी लेखपाल और राजस्व निरीक्षक लेखपाल प्रशिक्षण केंद्र पर होने से जनता को अपने कार्यों को लेकर काफी परेशान होना पड़ा। अध्यक्ष अनिल कुमार मिश्र ने कहाकि जबतक तहसीलदार का स्थानांतरण नहीं हो जाता है तब तक तहसीलदार के कार्यालय का कोई कार्य नहीं किया जाएगा।
महामंत्री राजेश सोनकर ने भी अपने अध्यक्ष का समर्थन देते हुए कार्यों का बहिष्कार किया। एसडीएम अभिषेक गोस्वामी ने बताया कि अधिवक्ताओं से वार्ता कर न्यायालय चलाते हुए सहयोग करने को कहा गया है। जबकि तहसील अध्यक्ष अनिल कुमार मिश्र ने कहाकि वार्ता नहीं हुई है। बल्कि जब तक तहसीलदार का स्थानांतरण नहीं हो जाता है ।तबतक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन करने वालों में अध्यक्ष अनिल कुमार मिश्र, महामंत्री राजेश सोनकर, लालजीत, जयप्रकाश यादव, भुवेश कृष्ण श्रीवास्तव, बीके वर्मा आदि उपस्थित रहे।