सीएचसी घोसी की तोड़ी गई बाउंड्री वाल।
घोसी। स्थानीय नगर के मझवारा मोड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोसी परिसर में कतिपय लोगों ने चहारदीवारी तोड़कर कब्जा करने का मामला प्रकाश में आया है। सीएचसी अधीक्षक ने अतिक्रमणकारियों से सामान हटाने के लिए नोटिस जारी किया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोसी की उत्तरी पूर्वी भाग में अतिक्रमणकारियों ने न केवल अस्पताल परिसर में सामान रखकर अवरोध कर दिया है। अस्पताल की चहारदीवारी का भी कुछ भाग तोड़ कर कब्जा करने के प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में जीवन प्रकाश, रमेश विश्वकर्मा का कहना है कि अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया, लेकिन दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की जा सकी है। इस बाबत सीएचसी अधीक्षक डॉ एचके पंकज का कहना है कि कतिपय लोगों ने शौचालय और लैब की आड़ में सामान रख दिया है। सामान को हटाने के लिए नोटिस जारी किया है। सामान नहीं हटाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।