चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के करमी गांव में फायरिंग के मामले में वांछित चंदू यादव और गौरव प्रताप यादव पर एसपी कमलेश बहादुर ने मंगलवार को 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
उनकी गिरफ्तारी के लिए एएसपी अनूप कुमार के पर्यवेक्षण में दो टीमें गठित की गई हैं। पहली टीम सीओ मुहम्मदाबाद गोहना तथा दूसरी टीम सीओ सदर आजमगढ़ आस्था जायसवाल के नेतृत्व में गठित की गई है। गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
एसपी कमलेश बहादुर ने बताया कि बीते 17 मई को आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र के जमीन हरखोरी निवासी अमरेश सिंह (28) अपने दोस्त धीरज सिंह (समर), अमन सिंह (लल्लू), गौरव सिंह और सिद्धार्थ सिंह के साथ स्कॉर्पियो से चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के अल्देमऊ में पूर्व मंत्री यशवंत सिंह की भतीजी के ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
लौटते समय करमी गांव के पास बिना नंबर प्लेट की एक थार ने स्कॉर्पियो को ओवरटेक कर आगे अचानक ब्रेक लगा दी।
आरोप है कि उसमें सवार आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के बैठौली दौलतपुर निवासी अमन सिंह, मुहम्मदल्ला भदुली निवासी गौरव प्रताप यादव, पल्हनी निवासी आदित्य सिंह, जितेंद्र राजभर उर्फ छोटक, मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नीबी बुजुर्ग निवासी चंदू यादव, रामप्रवेश यादव, मोहब्बतपुर निवासी रामसेवक यादव और बम्हौर निवासी संदीप विश्वकर्मा ने मिलकर फायरिंग की थी।
पुलिस टीम ने अनिल सिंह की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद 22 मई की रात आदित्य सिंह, जितेंद्र राजभर उर्फ छोटक, रामप्रवेश यादव, रामसेवक यादव और संदीप विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया था।