कोपागंज थाना क्षेत्र के मुंगमास गांव निवासी अविनाश राय का ब्लॉक डेबिट कार्ड खोलवाने का झांसा देकर साइबर ठग ने 32,456 रुपये ऐंठ लिए। घटना बीते 17 जनवरी की है, उन्होंने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत कर अविनाश राय ने बताया कि उनका कोपागंज स्थित इंडसइंड बैंक में खाता है। किसी कारणवश उनका डेबिट कार्ड ब्लॉक हो गया था। बीते 17 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे एक व्यक्ति ने अनजान नंबर से फोन किया और खुद को बैंककर्मी बताकर एटीएम खोलवाने की बात कही।
ठग ने पहले उनसे तीन बार में 46,454 रुपये जमा करवाया। उसके बावजूद एटीएम चालू नहीं हुआ। ठग ने उसी नंबर से दोबारा फोन करके एटीएम से संबंधित जानकारी मांगी। जानकारी साझा करते ही उनके खाते से 32,456 रुपये कट गए।
मैसेज मिलने पर ठगी का जानकारी हुई। उन्होंने बैंक में सूचना देकर खाता सुरक्षित कराया फिर साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय ने बताया कि शिकायत के आधार पर टीम जांच कर रही है।