मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के सेमरी जमालपुर गांव में 29 अप्रैल को रत्नेश की मौत मामले में परिजनों की तहरीर के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर उसकी पत्नी प्रियंका राय का अनशन बुधवार को कलेक्ट्रेट पर तीसरे दिन भी जारी रहा। दशगात्र तिथि होने से अनशन स्थल पर ही सिर मुड़वाने की रस्म अदा की गई। रत्नेश के पुत्र आदित्य और अथर्व सहित परिजनों ने सिर मुड़वाया। वहीं पत्नी ने भी महिलाओं के साथ मिलकर बाकी रस्म पूूरी की।
अनशनरत प्रियंका राय को कई पार्टी के लोगों का समर्थन भी मिला। अनशन के तीसरे दिन विधवा को समर्थन देने वालाें में भाजपा के जिलाध्यक्ष सुशील राय, क्षेत्रीय समिति गोरखपुर के सदस्य अरिजीत सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य अरविंद सिंह, राजेश सिंह राज, जिला पंचायत सदस्य मनोज राय, ब्लाक प्रमुख सर्वेश राय, भासपा नेता राकेश सिंह, किसान नेता देवप्रकाश राय, यूथ कांग्रेस के घोसी लोकसभा अध्यक्ष सूरज राय, अतुल कुमार राय, अर्चना उपाध्याय ने समर्थन देकर प्रियंका को न्याय दिलाने तक संघर्ष में साथ रहने का आश्वासन दिया। अनशन स्थल पर वक्ताओं ने घोसी कोतवाल पर भी सवाल उठाए। कहा कि उनकी ढिलाई के चलते अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। उनकी भूमिका की जांच कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए। कहा कि विधवा के दुधमुंहे बच्चों, सास, ससुर के समक्ष भुखमरी की नौबत है। इस दौरान अनशन स्थल पर प्रियंका के साथ ममता राय, रीता राय और महिमा आदि रहीं। गौरतलब है कि 29 अप्रैल को साली की शादी में आए आजमगढ़ के रत्नेश की द्वारपूजा के दौरान गोली लगने से मौत हो गई थी।
दशगात्र कर्म देख सबकी आंखें हुईं नम
आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय के लिए भूख हड़ताल पर बैठी प्रियंका राय एवं उसके परिजनाें को बुधवार को कलेक्ट्रेट पर ही दशगात्र कर्म करते देख मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। कलेक्ट्रेट पर हो रहे इस कार्यक्रम को देखकर हर कोई अचंभित रहा।
पुलिस के माथे पर आया पसीना
न्याय के लिए अनशन पर बैठी प्रियंका राय को बुधवार को विभिन्न संगठनों एवं राजनीतिक दलों का समर्थन मिलते देख पुलिस के माथे पर भी पसीना आ गया। मौके पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने काफी मान मनौव्वल कर समझाने बुझाने का प्रयास किया लेकिन प्रियंका बिना गिरफ्तारी के टस से मस होने को राजी नहीं हुई।