रतनपुरा। बाजार स्थित बलिया इटावा ग्रामीण बैंक की शाखा पर मंगलवार को शिक्षकों ने जमकर बवाल काटा। बैंककर्मियों के मनमाने रवैए के खिलाफ शिक्षक घंटों प्रदर्शन करते रहे। आला अधिकारियों के आश्वासन पर मामला शांत हो सका।
रतनपुरा ब्लाक के अधिकांश प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों का खाता बाजार स्थित बलिया इटावा ग्रामीण बैंक की शाखा में है। विभाग की ओर से नि:शुल्क ड्रेस वितरण, मध्याह्न भोजन योजना, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ छात्रों को देने के लिए दबाव डाला जा रहा है। लेकिन बैंककर्मियों द्वारा धन को खाते में पोस्ट तक नहीं किया जा सका है। परेशान शिक्षक बैंक का चक्कर काट रहे हैं। मंगलवार को काफी शिक्षक बैंक पहुंचे थे। बैंककर्मियों द्वारा उनके काम में ना नुकूर करने के बाद शिक्षक भड़क गए। प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विभागीय अधिकारी नि:शुल्क ड्रेस बांटने के लिए दबाव डाल रहे हैं। वहीं बैंककर्मियों के मनमाने रवैए से कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। घंटों प्रदर्शन करने के बाद विभागीय अधिकारी ने शिक्षकों को आश्वासन देकर मामला शांत कराया। प्रदर्शन करने वालों में देवेंद्र पांडेय, रामरतन राम, संपूर्णानंद वर्मा, नित्यप्रकाश यादव लालू यादव, राधेश्याम आदि शामिल रहे।