मऊ। सीतापुर में अधिवक्ता और पुलिस के बीच हुए विवाद की घटना को लेकर महापंचायत में पारित प्रस्ताव के समर्थन में मंगलवार को तहसील सदर के अधिवक्ता पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहे। उधर दीवानी कचहरी में सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य किया। ऐसे में वादकारियों को खासी राहत मिली।
तहसील सदर बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं की बैठक मंगलवार को संघ के पुस्तकालय भवन में हुई। इसमें सीतापुर में अधिवक्ता और पुलिस के बीच हुए विवाद के बाद आयोजित महापंचायत में डीएम, एसपी और जिला जज के स्थानांतरण की मांग को लेकर 23 नवंबर तक न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया। जिसके समर्थन में तहसील सदर बार के अधिवक्ताओं ने भी महापंचायत में पारित प्रस्ताव का समर्थन करते हुए मंगलवार को न्यायिक कार्य नहीं किया। अध्यक्षता बार के अध्यक्ष सुभाष सिंह और संचालन मंत्री शिवनायान राय ने किया। इस मौके पर अजीत लाल श्रीवास्तव, बद्रीनाथ सिंह, राजेंद्र चौहान, हरेंद्र यादव, अखिलानंद सिंह आदि अधिवक्त शामिल रहे।
उधर सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने दो दिन के न्यायिक कार्य से विरत रहने के बाद मंगलवार को न्यायिक कार्य शुुरु कर दिया। अधिवक्ताओं के मंगलवार से न्यायिक कार्य शुरु कर दिए जाने के बाद वादकारियों ने राहत की सांस लिया।