दुबारी। मधुबन तहसील के गजियापुर गांव स्थित एक बैंक में बुधवार को बैंक कर्मचारियों और पेंशन कर्मियों के बीच बहस छिड़ गई। इससे बैंक में दो घंटे तक कामकाज भी प्रभावित रहा। पेंशनरों ने बैंक के एक कर्मचारी पर अंगूठा स्कैन कर उसे नेट पर चढ़ाने के नाम पर सुविधा शुल्क लेने का आरोप लगाया।
बुधवार को रोजाना की भांति गजियापुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में सुबह करीब 11 बजे पेंशन लेने के लिए नंद कुमार पांडेय, राम नक्षत्र सिंह, राम नरेश गोंड, सुमेर ठाकुर, राम केवल गोंड, नुरुलहंक, अखिलेश्वर पांडेय, जयश्री यादव, राधेश्याम सिंह, कन्हैया सिंह बैंक पहुंचे थे। जहां पेंशनधारकों से एक कर्मचारी द्वारा अंगूठा स्कैन कर नेट पर चढ़ाने के लिए प्रति कर्मचारी से 50 रुपया सुविधा शुल्क मांगने पर पेंशनधारक आक्रोशित हो उठे। पेंशनरों ने इस मामले की शिकायत बैंक प्रबंधक से की। लेकिन उस समय यह कहा गया कि वह कर्मचारी बैंक का कर्मचारी नहीं है और उसके काम के लिए उसे भुगतान करने के लिए कहा गया। इस बात को सुनकर पेंशन धारक भड़क उठे और हंगामा करने लगे। इससे दो घंटे तक बैंक में कामकाज प्रभावित रहा। बाद में दूसरे उपभोक्ताओं के बीच-बचाव के साथ पेंशनधारकों को समझाया। वहीं पेंशन धारकों ने इसकी शिकायत प्रशासन के साथ बैंक के आला अधिकारियों से कराने की चेतावनी दी।
बैंक में स्टाफ कम है और समय से पेमेंट देने के लिए यह कार्य करने के लिए बाहर से आदमी बुलाएं है कि ताकि समय पेमेंट हो सके। - रामाशंकर राम, बैंक प्रबंधक