सूरजपुर। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के सूरजपुर गांव निवासी एक युवती की शनिवार की सुबह नौ बजे सहेलियों के साथ नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। युवक ने युवती को बचाने का प्रयास किया। लेकिन वह अपने प्रयास में सफल नहीं हो सका। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों के सहयोग से युवती के शव की तलाश शुरू की। लेकिन देर शाम तक युवती के शव का पता नहीं चला था।
घोसी कोतवाली के घोसी निवासी गुलिस्ता 24 पुत्री इकलाख का ननिहाल दोहरीघाट थाना क्षेत्र के सूरजपुर गांव में है। गुलिस्ता अपने नाना के घर रहती है। शनिवार की सुबह गुलिस्ता अपनी कुछ सहेलियों के साथ गांव से घाघरा नदी के घाट पर नहाने के लिए गई। स्नान करने के दौरान गुलिस्ता गहरे पानी में चली गई, जहां उसे डूबते देखकर उसकी सहेलियां मदद के लिए शोर मचाने लगी। चीख पुकार सुनकर एक युवक ने गुलिस्ता को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे बचा नहीं सका। युवक ने नदी से बाहर निकलकर गांव के लोगों को घटना की सूचना दी। युवती के नदी में डूबने की सूचना मिलने पर रसूलपुर पुलिस चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और डूबी युवती के शव की तलाश में जुट गई, लेकिन युवती का शव नहीं मिल सका। मृतका अपने माता पिता की दो लकड़ियों में सबसे बड़ी लड़की थी। वह काफी समय से अपने नाना-नानी के पास ही रहती थी। उधर युवती के नदी में डूबने से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।