मऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा के तीसरे दिन शनिवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल गृह विज्ञान तथा इंटर उर्दू की परीक्षा हुई। पहली पाली में पंजीकृत 8866 के सापेक्ष 8033 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल इंटरमीडिएट परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिले में 126 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रथम पाली में हाईस्कूल गृह विज्ञान में पंजीकृत 7402 के मुकाबले 6660 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल रहे। इंटर उर्दू में पंजीकृत 1464 के मुकाबले 1373 परीक्षार्थी शामिल हुए। नगर के इमिलिया स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज में परीक्षा के तीसरे दिन हाईस्कूल गृह विज्ञान तथा इंटर उर्दू की परीक्षा हुई। कालेज की प्रधानाचार्य नीलम गुप्ता के नेतृत्व मेें शिक्षिकाओं ने कालेज के मेन गेट पर ही छात्राओं की तलाशी ली। कई छात्राएं नकाब लगाकर आई हुई थी। शिक्षिकाओं ने छात्राओं का नकाब उतरवाकर परीक्षा कक्ष में भेजा।