मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र में आधारकार्ड बनवाने के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है। सरकार की ओर से बैंको में आधारकार्ड बनवाए जाने की प्रक्रिया शुरू करने के बाद से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कारण यह है कि बैंक शाखा में कर्मियों का संकट होने या फिर नेटवर्क की दिक्कत होने की बात कहकर लोगों को वापस कर दिया जाता है इससे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
आधारकार्ड को विभिन्न योजनाओं में अनिवार्य किए जाने के चलते तहसील क्षेत्र में लगभग 80 फीसदी लोगों ने आधारकार्ड बनवा लिया है। प्रवेश में आधारकार्ड अनिवार्य कर दिए जाने के चलते स्कूल जाने वाले बच्चों का भी आधार कार्ड बन रहा है। विभागीय आंकड़ों का दावा है कि क्षेत्र के लगभग 80 प्रतिशत लोगों का आधार कार्ड बन चुका है, पहले जहां जनसेवा केंद्र, लोकवाणी केंद्र समेत कई अन्य अधिकृत स्थानों पर आधार कार्ड बनाने की अनुमति थी गांवों में कैंप लगाकर भी लोगों का आधारक ार्ड बनवाया गया । वहीं अब शासन के निर्देश पर बैंक शाखा में आधार कार्ड बनाने का निर्देश है। इस ना निर्देश से लोगों को त्रुटि को दूर कराने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।
सैदपुर मुहल्ला निवासी डॉ धर्म सिंह ने बताया कि वह एक सप्ताह से कस्बे में स्थित बैंक का चक्कर काट रहे हैं। जब भी वह बैंक जाते हैं तो स्टाफ की कमी बताई जाती है। गालिबपुर निवासी संजय ने बताया कि वह पिछले चार दिनों से अपने दो बच्चों का आधारकार्ड बनवाने के लिए भटक रहे हैं। मालव निवासी मंगलेश गुप्ता आधार कार्ड के अभाव में राशनकार्ड नहीं बनवा पा रहे हैं।
तहसीलदार चंद्रभूषण प्रताप का कहना है कि ऐसी किसी शिकायत के प्रति अनभिज्ञता जताई। कहा अगर इस तरह की कोई बात है तो जानकारी लेकर समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।