प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत, मतदाता खामोश
अमर उजाला ब्यूरो
सरसेना(मऊ)। नवसृजित नगर पंचायत चिरैयाकोट में अध्यक्ष पद से नगर पंचायत के चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशियों ने अपनी ताकत झोंक दी है। इस चुनाव में सभी दलों के प्रत्याशियों को मिलाकर कुल 17 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस दौड़ में शामिल सपा से नीकहत परवीन, बसपा से रफतजहाँ, भाजपा से सोनी देवी, राष्ट्रीय जनता दल से लीलावती देवी और निर्दल प्रत्याशियों में फूला देवी, जन्नतून निशा, कौशल्या देवी, नसरीन बानो, शीला देवी मैदान में हैं। सभी प्रत्याशी अपनी जीत के लिये पूरा संघर्ष कर रहे हैं। लेकिन मतदाता अपने पत्ते खोल नहीं रहे हैं। वह किसके साथ हैं प्रत्याशी नहीं भांप पा रहे हैं।
प्रत्याशियों के दिनचर्या की बात करें तो वह अपने लाव लश्कर के साथ सुबह 6 बजे से ही घर से निकल जा रहे हैं। चुनाव प्रचार के बाद वह देर शाम तक मतदाताओं को रिझाने में लगे रहते है। मतदाता भी अब धीरे धीरे खुल कर सामने आने लगे हैं और वह एक दूसरे के जीत की बात करते नजर आ रहे हैं। कार्यकर्ताओं के हौसले इस तरह बुलंद है कि बाजार व कस्बे में किसी न किसी के दरवाजे के सामने खड़े होकर हार जीत की बाजी लगा रहे हैं ।
जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे सरगर्मी बढ़ती जा रही है। लेकिन लाख प्रयास के बाद भी मतदाताओं का रुख साफ नजर नहीं आ रहा। मतदाता अभी अपने पत्ते नहीं खोल रहे हैं। सभी प्रत्याशियों की नजर व्यापारियों पर लगी हुई है। व्यापारी अपने काम में उलझे हैं और चुप्पी साधे हुए हैं।