मऊ। घोसी कोतवाली पुलिस ने सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अहिरौली हथिनी गांव निवासी एक व्यक्ति की तहरीर पर विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी कर धन हड़पने के मामले में कोतवाली क्षेत्र के एक व्यक्ति के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज मुकदमा के अनुसार अहिरौली हथिनी गांव निवासी छबिनाथ यादव का चमरही भोपौरा निवासी रामसूरत चौहान से ससुराल में आने जाने से परिचय हुआ था।
2018 में छबिनाथ के पुत्र दीपक यादव से ससुराल के माध्यम से परिचिय होने पर रामसूरत चौहान ने बताया कि कई लोगों को सऊदी अरब में नौकरी लगवा चुका हूं। उसने दीपक से कहा कि तुम भी रुपया खर्च करो तो सऊदी भेजवा दूंगा। इस पर दीपक उसे 10 हजार दे दिया। रामसूत चौहान ने कहा कि बाकी रुपया जब फोन करने पर कागजात के साथ मुम्बई जाकर देना होगा। छबिनाथ यादव का आरोप है कि रामसूरत चौहान ने फोन कर मुम्बई फिल्म सीटी के पास अपने कमरे पर दीपक को बुलाया।
अप्रैल में दीपक यादव एक रिश्तेदार के साथ रामसूरत को 65 हजार और कागजात दे दिया।एक माह बाद जब उससे भेजवाने की बात कहने पर राम सूरत आज कल करने लगा। परन्तु न तो सऊदी ही भेजा ,न रुपये ही वापस किया। जब रुपया मांगने उसके घर गया तो उसने धमकाते हुए कहा कि कैसा तुम्हारा रुपया। भाग जाओ नही तो ठीक नहीं होगा।इस संबंध में छबिनाथ की तहरीर पर पुलिस आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।