रतनपुरा। क्षेत्र के पीपरसाथ स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में नागेश्वर पांडेय महाविद्यालय का सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का का आयोजन किया गया। मुख्य अथिति ग्राम प्रधान सविता यादव ने शिविर का शुभारंभ किया।
शिविर में महाविद्यालय के छात्र छात्राओं ने पीपरसाथ गांव में भ्रमण कर सार्वजनिक स्थलों की साफ सफाई कर लोगों को स्वच्छता से रहने का संदेश दिया। इसके बाद छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों पर करारा प्रहार किया।छात्रा विमला साहनी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया। वंदना यादव, पूजा भारती ने दहेज गीत सुनाया। रामप्रकाश साहनी, डब्बू कुमार ने देश के वर्तमान राजनीति पर गीत प्रस्तुत कर सभी को कुछ देर तक सोचने पर विवश कर दिया।इस मौके पर प्राचार्य संजय कुमार पांडेय ने कहा कि भागमभाग की जिंदगी में युवा पीढ़ी को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए समाजसेवा के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास की मुख्य धारा से जोड़ना ही इस शिविर का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रजातांत्रिक नेतृत्व को क्रियान्वित करने में दक्षता प्राप्त कर विद्यार्थी सृजनात्मक व रचनात्मक कार्यो के माध्यम से सामुदायिक विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद कुमार ने आगत अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर फडीस कुमार, परमा यादव, भूषण प्रसाद, उदय नाथ सिंह, गीता देवी, एचएन पांडेय, नंद विहारी, वकील पांडेय आदि शामिल रहे।