दोहरीघाट। स्थानीय थाना क्षेत्र के मादी दुल्लह गांव में हुई हत्या के छह आरोपियों को पुलिस ने सोमवार की भोर में गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। जमीन के विवाद में मारपीट के दौरान वृद्ध की फावड़े से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फावड़ा सहित अन्य हथियार बरामद किया है।
मादी दुल्लह गांव निवासी रामभवन पासवान (65) और छोटे भाई रामप्रवेश पासवान के बीच जमीनी विवाद चल रहा था। 15 मार्च की सुबह नौ बजे खूंटा गाड़ने को लेकर दोनों भाइयों के परिवार मारपीट करने लगे। मारपीट में रामभवन पासवान, पुत्र और पत्नी घायल हो गए। आजमगढ़ जिला अस्पताल में इलाज के दौरान रामभवन की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने रामप्रवेश, अभय, गीता, रिंकी, पिंकी, प्रियंका के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। गिरफ्तारी के बाद इनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक फावड़ा, एक लोहे की सरिया, चार डंडे बरामद किया।