घोसी। नगर के बड़ागांव मोहल्ले में स्थित प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल अव्यवस्था का शिकार हो कर रह गया है। थोड़ी बरसात होने पर परिसर में चारों तरफ पानी ही पानी दिखाई देता है। यहां बच्चों के पानी पीने के लिए लगे दो इंडिया मार्क हैंड पंप के आसपास गंदगी का अंबार लगा है। नगर पंचायत की तरफ से लगाया गया वाटर कूलर वर्षो से ख़राब पड़ा है।
शिक्षा क्षेत्र घोसी के अंतर्गत नगर के बड़ागांव मोहल्ला में एक ही परिसर में जूनियर हाईस्कूल के साथ प्राथमिक विद्यालय स्थित है।दोनों विद्यालयों में दो सौ से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यालय के चारों तरफ मकान बन जाने से तथा जल निकासी की व्यवस्था न होने से बरसात होने पर पानी परिसर में जमा हो जाता है।10 जुलाई से लेकर 12 जुलाई तक हुई बरसात से परिसर में दो फीट तक पानी लग गया था।जिसके चलते विद्यार्थियों के साथ अध्यापकों को पानी के बीच से होकर कक्षा में जाना पड़ता। बरसात के कई दिन भी बाद अभी भी परिसर में जलभराव है।बच्चों को पानी पीने के लिए लगाए गए दो इंडिया मार्क हैंड पंप के आस पास गंदगी का अंबार लगा है। इनके पानी के निकास के लिये व्यवस्था न होने से हैंडपंपों का बचा पानी परिसर में ही फैलता रहता है। अभिभावक मोहम्मद फरुख, मोहम्मइ नईम, सलीम,वसीम आदि ने बताया कि विभाग के साथ प्रशासन की उदासीनता के चलते बरसात के दिनों में पानी लगना आम बात है।बच्चे पानी के बीच ही पढ़ते हैं।दोनों हैंडपंपों पर गंदगी का अंबार लगा रहता है। जलजमाव से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे पठन पाठन प्रभावित हो रहा है। जलजमाव समस्या का समाधान कराए जाने की मांग की है। (ब्यूरो)