बड़राव ब्लॉक क्षेत्र में अवैध अस्पतालों व पैथोलॉजी संचालकों की ओर से गर्भपात कराने के मामले में स्टिंग ऑपरेशन के 48 घंटे बाद स्वास्थ्य विभाग नींद जागा। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्टिंग ऑपरेशन में उजागर किए गए 5 अवैध अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों को सील कर दिया है।
इनमें मादी सिपाह स्थित रीता क्लीनिक, अमिला में प्रतिमा सेवा सदन, थानीदास में मॉर्डन अल्ट्रासाउंड पैथोलॉजी है, जबकि आनंद पैथोलॉजी का संचालक सामान लेकर भाग गया। इसके अलावा, जच्चा-बच्चा की मौत के बाद फातमा क्लीनिक को भी सील किया गया।
ये सभी अस्पताल पीएचसी के दो किलोमीटर के दायरे में संचालित थे। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की नजर इन अवैध अस्पतालों और पैथोलॉजी पर नहीं पड़ी।
वाराणसी में गर्भपात की दवा के सेवन से एक युवती की मौत के बाद हमारी टीम ने शुक्रवार से रविवार तक कोपागंज, अमिला, मादी सिपाह, थानीदास और पुराघाट क्षेत्र में अवैध अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों का स्टिंग ऑपरेशन किया था।
यहां गर्भपात का धंधा खुलेआम चल रहा है। यह खबर अमर उजाला के 23 जून के अंक में प्रकाशित हुई थी। घटनाक्रम उजागर होने के बाद भी स्वास्थ्य दो दिनों तक चुप्पी साधे रहा। यदि अगले ही दिन अवैध अस्पतालों पर शिकंजा कस देता तो नदवासराय स्थित फातमा क्लीनिक में गर्भवती अर्चना चौहान की जान न जाती।
बड़राव ब्लॉक क्षेत्र के प्रमुख बाजारों अमिला, थानीदास, बोझी, मादी सिपाह, भटमिला में संचालित अवैध अस्पताल, पैथोलॉजी व क्लीनिक पर ताला लटका मिला। कार्रवाई की भनक लगने पर सुबह से ही संचालकों ने बोर्ड हटाकर अस्पताल बंद कर दिए थे, जिससे कई मरीजों को लौटना पड़ा।
स्टिंग ऑपरेशन में आए कुछ अस्पतालों के सीसीटीवी कैमरे भी बंद मिले। संचालक डीवीआर भी ले गए। इससे पहले कोपागंज में बुधवार को सीएचसी प्रभारी डॉ. इरशाद अहमद ने दो सौ मीटर दूर संचालित एक फर्जी अस्पताल को सील कराया था।
यहां जांच के दौरान कांछीकला निवासी जमंतु की पत्नी का कुछ समय पहले ऑपरेशन से प्रसव कराया गया था, जबकि दूसरे ऑपरेशन की तैयारी चल रही थी।
लखनऊ में मंत्री के संपर्क में अवैध अस्पताल संचालक
जिले में अवैध अस्पतालों को राजनीतिक समर्थन मिलने की बात भी चर्चा है। स्टिंग ऑपरेशन के बाद उप मुख्यमंत्री के संज्ञान लेने और सात दिन में जवाब मांगे जाने के बाद अवैध अस्पतालों को सील किया गया। सूत्रों के अनुसार एक संचालक लखनऊ में मंत्री तक संपर्क साधने की कोशिश में है।
-
वर्जन
स्टिंग ऑपरेशन में जहां-जहां अमर उजाला ने अनियमितताओं का खुलासा किया था, वहां वहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 48 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए 5 अस्पतालों को सील कर दिया है। इससे पहले बिना पंजीयन के संचालित शिफा हॉस्पिटल, पीएस हेल्थ केयर सेंटर और कृष्णा अस्पताल को भी सील किया गया था। कोपागंज स्थित कृष्णा अस्पताल का पंजीयन किसी डॉक्टर प्रभुनाथ के नाम पर है, जिसकी जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें अन्य स्थानों पर छापे मारकर कार्रवाई कर रही हैं।
- डॉ. पंकज राय, सीएमओ।
स्टिंग में उजागर हुए मादी स्थित रीता क्लीनिक को सील करते स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी