नगर के सहादतपुरा स्थित वेदांत क्रिकेट क्लब के मैदान पर बुधवार को मुंबई में होने वाले ऑल इंडिया ग्रामीण क्रिकेट लीग के लिए दो दिवसीय ट्रायल का आयोजन हुआ। पहले दिन 46 क्रिकेट खिलाड़ियों ने ट्रायल देकर अपने खेल का प्रदर्शन किया।
ट्रायल में सेलेक्टर के रूप में बृजेश सिंह, विकास राय, अशफाक खान, राजेश भारद्वाज ने बल्लेबाज, गेंदबाज, ऑलराउंडर, विकेटकीपर खिलाड़ियों का बारीकी से निरीक्षण किया। ट्रायल में 18 बल्लेबाज, 6 विकेटकीपर, 8 ऑलराउंडर और 14 गेंदबाज शामिल रहे, जिन्होंने अपने खेल का प्रदर्शन किया।
ट्रायल में ऑल इंडिया ग्रामीण क्रिकेट लीग के प्रेसिडेंट चंद्र शेखर सिंह ने बताया कि यह आयोजन उन खिलाड़ियों के लिए है, जो गांव से आते हैं और क्रिकेट की चकाचौंध भरी दुनिया में जाने से पहले ही बाहर कर दिए जाते हैं। लेकिन यहां यदि वे अपने प्रदर्शन को दिखाकर आगे बढ़ते हैं तो मई में मुंबई में इसका आयोजन होगा, जिसमें ये गांव के खिलाड़ी खेलेंगे।
उन्होंने बताया कि जो भी खिलाड़ी पहले राउंड के ट्रायल में सेलेक्ट नहीं होता है, उसे और मौके दिए जाएंगे। वह जहां भी आल इंडिया ग्रामीण क्रिकेट लीग का ट्रायल होता है, वहां जाकर फिर से ट्रायल दे सकते हैं। इसके लिए उन्हें उत्तर प्रदेश के ट्रायल इंचार्ज सुंदरम दुबे को एक प्रार्थना पत्र देना होगा।
इस मौके पर इंटरनेशनल वेटलिफ्टिंग के खिलाड़ी सत्य प्रकाश यादव, आल इंडिया ग्रामीण क्रिकेट लीग के वर्किंग सेक्रेटरी संदीप वर्मा, बलिया ट्रायल इंचार्ज आरिफ, आजमगढ़ के ट्रायल इंचार्ज ब्रजेश यादव, गाजीपुर के ट्रायल इंचार्ज सचिन यादव उपस्थित रहे।