नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में शुक्रवार को हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। कई स्थानों पर श्रद्घालुओं की तरफ से गाजे बाजे के साथ भव्य जुलूस निकाला जाएगा। साथ ही मंदिरों में विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होंगे। देर शाम तैयारियों के तहत मंदिर में सजावट का कार्य होता रहा।
नगर के हरिकेशपुरा, बाल निकेतन, हट्ठीमदारी, आजमगढ़ मोड़, सहादतपुरा, बढ़ुआगोदाम सहित जिले के विभिन्न इलाकों के हनुमान मंदिरों में सुंदर कांड का पाठ किया जाएगा। फूलों से बजरंग बली का श्रृंगार करने सहित कई स्थानों पर भव्य जुलूस निकाला जाएगा। मुहम्मदाबादगोहना कस्बा के पं. विरेंद्र शुक्ल ने बताया कि हनुमान जयंती शुक्रवार को मनाई जाएगी। बताया कि इस दिन व्रत रखने वाले ब्रह्मचर्य का पालन करना चाहिए। स्नान कर हनुमान जी की प्रतिमा को स्थापित कर विधिपूर्वक पूजा करें। इसके बाद हनुमान चालीसा और बजरंग बाण का पाठ करें। पुष्प के रूप में गेंदा, गुलाब, कनेर, सूरजमुखी आदि के लाल या पीले पुष्प अर्पित करें।
श्री हनुमत कृपा सेवा समिति के प्रमुख राम गोपाल गुप्त ने बताया कि हनुमान जी का जन्मोत्सव शुक्रवार को नगर में धूमधाम से मनाया जाएगा। नगर के सभी प्रमुख मंदिरों को फूलों व गुब्बारों से सजाया जाएगा। शंख घंटा तथा घड़ियाल बजेगा। केक भी काटा जाएगा। पूर्वाह्न छह बजे से रेलवे क्रासिंग बाल निकेतन स्थित हनुमान गढ़ी और सात बजे भीटी चौक के पास छोटे हनुमान जी महाराज के दरबार मे सुंदर कांड का पाठ किया जाएगा। रात आठ बजे से महरनिया दक्षिण टोला के महावीर जी के दरबार में भजन संध्या तथा स्थानीय कलाकारों द्वारा जागरण तथा विशाल भंडारा व प्रसाद वितरण किया जाएगा।
दोहरीघाट : रामघाट स्थित हनुमान मंदिर से भव्य शोभायात्रा व झांकी निकाली जाएगी। बाद में प्रसाद का वितरण किया जाएगा। शोभायात्रा शाम 4 बजे से हनुमान मंदिर से पूरे नगर में भ्रमण करते हुए पुन: हनुमान मंदिर पर सम्पन्न होगी। यह जानकारी आयोजन समिति के सदस्य बाबूलाल सभासद ने दी।