मुहम्मदाबाद गोहना। कस्बा में दिनों दिन बढ़ती जा रही जाम की समस्या से निजात और आजमगढ़ से मऊ तक बन रही फोर लेन सड़क में आ रही बाधाओं को दूर करने को लेकर गुरुवार को तहसील सभागार में एसडीएम अतुल वत्स की अध्यक्षता में व्यापारियों, दुकानदारों, पटरी खोमचा दुकानदारों के साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान अतिक्रमण हटाने को लेकर मौजूद लोगों से सुझाव मांगे गए। निर्णय लिया गया कि आज शुक्रवार की पीडब्लूडी, राजस्व और नगर पंचायत की संयुक्त टीम की मौजूदगी में अतिक्रमण वाले स्थलों को चिन्हित कर सीमांकन किया जाएगा। साथ ही पटरी व गुमटी में दुकान कर जीविका चलाने वाले लोगों के लिए उचित प्रबंध किया जाएगा।
बैठक में मौजूद लोगों ने फोर लेन निर्माण में आ रही दिक्कतों को दूर किये जाने को लेकर हर सम्भव मदद देने का वादा किया। पटरी पर किये गए अतिक्रमण के स्थानों को चिन्हित करने को लेकर शुक्रवार को सभी विभागों की संयुक्त टीम द्वारा पैमाइश की जाएगी। इस दौरान बैठक में उपस्थित लोक निर्माण के अधिकारियों ने बताया कि बीच सड़क से दोनों तरफ 28 मीटर यानी 88 फुट जमीन पीडब्लूडी की है। जिसमें फोर लेन सड़क निर्माण के लिए 66 फुट भूमि ली जाएगी शेष पर फूट पैथ और नाली आदि का निर्माण कराया जाएगा। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष शकील अंसारी, तहसीलदार चंद्रभूषण, नायब तहसीलदार जावेद अहमद, ईओ रामसफल, व्यापार मंडल अध्यक्ष अंजनी गुप्ता, अशोक गुप्ता, राजकुमार, समेत अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।