मऊ। आंगनबाड़ी कार्यकर्ती भर्ती के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन किए गए आवेदनों में शैक्षिक और अन्य अभिलेखों का सत्यापन 26 अक्तूबर को आयोजित किया जाएगा। पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की उपलब्धता के आधार पर प्रत्येक रिक्त केंद्र के सापेक्ष शॉर्टलिस्ट किए गए 3 अभ्यर्थियों के मूल अभिलेखों की जांच विकास भवन स्थित सभागार एवं जिला कार्यक्रम कार्यालय कक्ष में सुबह 10 बजे से शाम 05 बजे तक की जाएगी। 8 ब्लॉक और मऊ शहर में खाली 100 सीटों पर 2904 आवेदन आए थे।
इनमें से मेरिट और वरीयता के आधार पर 300 अभ्यर्थिोयों का सत्यापन के लिए चयन किया गया है। प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार ने बताया कि 26 अक्तूबर को दोहरीघाट, फतेहपुर मंडाव, घोसी, कोपागंज, मुहम्मदाबाद गोहना, परदहां, रानीपुर, रतनपुरा ब्लॉक और मऊ शहर के लिए अभिलेखों के सत्यापन की तिथि निर्धारित की गई है। जबकि इस तिथि पर अनुपस्थित या छूटे हुए अभ्यर्थियों को सत्यापन के लिए 29 अक्तूबर को अंतिम अवसर दिया जाएगा।
फोन करने के लिए अधिकृत कर्मचारी
जिला कार्यक्रम कार्यालय स्तर से कर्मचारियों द्वारा सत्यापन के लिए पात्र पाए गए अभ्यर्थियों को उनके ऑनलाइन आवेदन पत्र में दर्ज मोबाइल नंबर पर फोन के माध्यम से सूचित किया जा रहा है। फोन पर सूचना देने के लिए आशुतोष कुमार (9452655147), वैभव सिंह (9517550904), अभिषेक वर्मा (7007660622), ओमप्रकाश राम (7307259877) को नियुक्त किया गया है।