जिले में होमगार्ड भर्ती परीक्षा शुरू होने में 11 दिन शेष हैं और विभाग की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराई जाएगी।
परीक्षा 25 अप्रैल से 27 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी। तीन दिवसीय इस परीक्षा में कुल 27,360 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर बाद 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 4,560 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे। साथ ही परीक्षा सहायक और सह केंद्र व्यवस्थापक भी तैनात किए जाएंगे।
परीक्षा केंद्रों की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा सभी केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है, ताकि अभ्यर्थियों को केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस संबंध में गौतम प्रसाद (जिला विद्यालय निरीक्षक) ने बताया कि 25 से 27 अप्रैल तक होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।