मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के कोइरियापार गांव निवासी एक व्यक्ति की शिकायत व कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने सोमवार की शाम मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों ने कनाडा में नौकरी दिलाने के नाम पर पीड़ित से 2.70 लाख रुपये की ठगी की। दर्ज मुकदमे के अनुसार अशोक कुमार का आरोप है गांव के ही उमाशंकर और रविंदर ने कनाडा में नौकरी दिलाने का लालच देकर 8 जनवरी से 24 फरवरी 2024 के बीच कई किश्तों में 2.60 लाख रुपये अपने खाते में लिए। मेडिकल के लिए नगद 10 हजार रुपये अलग से लिए।
उन्होंने फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और मेडिकल सर्टिफिकेट देकर कनाडा जाने के लिए कहा और पासपोर्ट एयरपोर्ट देने की बात कही। वहां जाने पर उनका पता नहीं चला, अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल सर्टिफिकेट और ज्वाइनिंग लेटर फर्जी है। पुलिस से शिकायत करने पर थाने में पैसा और पासपोर्ट देने पर समझौता हुआ, बावजूद उन्होंने नहीं दिया। इस संबंध में कोतवाल कमलाकांत वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश की जा रही है।