मिजिल्स एंड रूबेला (एमआर) टीकाकरण के तहत गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से तीन प्राइवेट स्कूलों में टीकाकरण अभियान चलाया गया। इसमें 2500 से ज्यादा स्कूली बच्चों को टीका लगाया गया। सनबीम स्कूल में टीकाकरण कार्यक्रम में खुद डीएम प्रकाश बिंदु, सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। गुरुवार को सबसे पहले अलीनगर स्थित सनबीम स्कूल में टीकाकरण अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने किया। स्कूल में 800 छात्रों को टीका लगाया गया। कक्षा 2 में पढ़ने वाली डीएम प्रकाश बिंदु की पुत्री प्रवज्ञा प्रकाश बिंदु को सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने खुद टीका लगाया।
सीजेएम लोकेश नागर के बेटे अश्वनी और मेद्धांत का भी टीकाकरण किया गया। अभियान में डीएम ने अभियान के उदेश्य और उसके लक्ष्य की जानकारी दी। साथ ही बताया कि यह टीकाकरण पूरी तरह से सुरक्षित है। यूनीसेफ डीएमएसी सरोज राना द्वारा छात्रों को बताया कि सरकार की ओर से एमआर वैक्सीन को नियमित टीकाकरण में शामिल किया गया है, जो कि 10 दिसंबर से शुरू होकर आगामी पांच सप्ताह तक चलेगा। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि वह किसी अफवाह पर ध्यान न दें। नगर के चंद्रा पब्लिक स्कूल में 859, अमृत पब्लिक स्कूल में 600 और तथागत स्कूल में 500 बच्चों को टीका लगाया गया। इस मौके पर सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह, नोडल अधिकारी डॉ. एमलाल, सरोज राना, कामाख्या मौर्या, दुर्गा प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।