मऊ। उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
संगठन के जिलाध्यक्ष मुखलाल यादव ने कहा कि शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की मांगों पर शासन प्रशासन की तरफ से विचार तक नहीं किया गया । जबकि संगठन के प्रदेशीय पदाधिकारियों की वार्ता में मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया था। बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से जारी नए शासनादेश में प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, लिपिक व चपरासी का पद समाप्त कर दिया गया है। कहा कि सरकार नए शासनादेश को समाप्त कर उक्त पदों को पूर्व की भांति बहाल किया जाए। नए शासनादेश को अविलंब समाप्त नहीं किया गया तो हम लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे। गणेश सिंह ने कहा कि शिक्षकों को एक मंच पर संगठित होने की जरूरत है। तभी समस्याओं का समाधान संभव है।
अंत मे जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए सैनिकों के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।धरने को आलोक कुमार सिंह, अवधेश कुमार राय, रामसमुझ चौहान, शमशेर अहमद, रामाश्रय सिंह, राणा यादव, अंजनी राय, हरिंद्र चौरसिया, शिवकुमार यादव, संजीव राय, संतोष दुबे, नीरज सिंह, अरविंद यादव आदि ने संबोधित किया।