परदहां ब्लाक क्षेत्र के डुमरावं मोड़ पर बीते एक सप्ताह से दस केवी का ट्रांसफार्मर जलने से बाजार के दर्जनों दुकानदारों सहित स्थानीय लोग भीषण गर्मी और अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। कई दिनों से फुंके ट्रांसफार्मर को बदलवाने की मांग को लेकर दुकानदारों द्वारा कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से गुहार लगा चुके है। इसके बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
डुमरावं मोड़ पर साड़ी व्यवसायी दीपक सिंह ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर जला हुआ हैं जिसके कारण मोड़ पर 40 से अधिक दुकानदार इस भीषण गर्मी और अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। विभागीय अधिकारी के चक्कर लगाने के बाद भी अभी तक नया ट्रांसफार्मर नही लगा है। डुमरावं मोड़ निवासी जितेंद्र मिश्र की माने तो एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर जलने से पानी के लिए लोग परेशान हैं। संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने पर भी कोई उचित कार्रवाई नही होने से लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त हैं। इस बाबत अवर अभियंता पवन तिवारी से पूछने पर बताया कि ओवर लोड होने से बार-बार ट्रांसफार्मर जल रहा है। जल्द ही ठीक करा दिया जाएगा।