यूपी बोर्ड परीक्षा की प्रथम पाली में बुधवार को हाईस्कूल कंप्यूटर तथा इंटरमीडिएट अर्थशास्त्र की परीक्षा हुई। परीक्षा में 3314 के सापेक्ष 3156 परीक्षार्थी शामिल हुए। अपर माध्यमिक शिक्षा निदेशक साहब सिंह निरंजन ने नगर सहित मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण से हड़कंप की स्थिति रही।
बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिले में 157 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अपर माध्यमिक शिक्षा निदेशक साहब सिंह निरंजन ने नगर के एएल नोमानी इंटर कालेज, दधिवल इंटर कालेज रैनी, बीआरके इंटर कालेज वलीदपुर, राष्ट्रीय इंटर कालेज भदीड़ तथा मुहम्मदाबादगोहना ब्लॉक क्षेत्र के पब्लिक इंटर कालेज बरामदपुर का निरीक्षण किया। अपर शिक्षा निदेशक ने परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी फुटेज, सीटिंग प्लान का आदि का गहनता से निरीक्षण किया। इसके साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं का मिलान किया। परीक्षा में 314 के सापेक्ष 3156 परीक्षार्थी शामिल हुए। उधर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. केसी भारती ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।