चिरैयाकोट। जनपद के ग्रामीण क्षेत्र के बीएसएनएल का नेटवर्क बिजली विभाग के भरोसे है, बिजली कटते ही नेटवर्क धवस्त हो जाता है। लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी ग्रामीण क्षेत्र में बीएसएनएल नेटवर्क में सुधार नहीं हो रहा है। चिरैयाकोट क्षेत्र में बीएसएनएल द्वारा लगाए गए टॉवरों का भी यही हाल है। ग्रामीण क्षेत्र में बीएसएनएल का नेटवर्क ठीक से काम नहीं कर रहा है।
चिरैयाकोट में 15 वार्डों सहित आस पास के 20 गांवों में नेटवर्क बेहतर रखने के उदेश्य से दूरसंचार विभाग द्वारा यूसूफाबाद में दूरसंचार केंद्र बनाया गया है। यहां पर करीब तीन माह से बिजली जाते ही केंद्र में लगे टॉवर का नेटवर्क ध्वस्त हो जाता है। जिससे आस-पास के ग्रामीण क्षेत्र की संचार व्यवस्था प्रभावित हो जाती है।
क्षेत्र के पंकज गुप्ता, रेहान खां, इरशाद अंसारी, इदरिस अंसारी, रमेश मौर्य, गुड्डू चौरसिया, सुरेश गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में अक्सर शाम व सुबह के समय बिजली नहीं रहती है। बताया कि बीएसएनएल का नेटवर्क ठीक नहीं रहता। काल ड्रॉप की समस्या बनी हुई है। क्षेत्र में इंटरनेट की गति भी कम मिल रही है। कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। इस बाबत एसडीओ अवधेश कुमार राम ने बताया कि डीजल न मिल पाने से यह समस्या हो रही है। विभाग के आला अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।
30 गांवों में 12 घंटे गुल रही बिजली
रानीपुर। ब्लाक में बिजली आपूर्ति के लिए बने बख्तावरगंज विद्युत उपकेंद्र के फीडर नंबर तीन से निकला हाईटेंशन तार बड़ागांव मंडीयाऊसर गांव के पास टूट गया। जिसके चलते रविवार की रात से सोमवार की सुबह तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे 12 घंटे तक 30 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप रही। जानकारी मिलने पर विद्युत विभाग के अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फाल्ट दुरुस्त होने के बाद सप्लाई जल्द बहाल कर दी गई।
बख्तावरतरगंज स्थित विद्युत उपकेंद्र से लगे चार फीडरों से क्षेत्र के शहरी क्षेत्रों के साथ सहित 30 गांवों में बिजली आपूर्ति की जाती है। रविवार की रात दस बजे फीडर नंबर तीन के हाई टेंशन लाइन का तार बड़ागांव मंडीयाऊसर गांव के पास टूट गया। इससे क्षेत्र के अमारी, कसारी, खुरहट, बैजापुर, कासिमपुर, रैनी, भूपतनगर, मठिया, भौरेपुर, जमालपुर सहित 30 गांवों में बिजली बंद रही।
फाल्ट की जानकारी पर विद्युत विभाग की टीम ने सोमवार को तकनीकि फाल्ट दुरुस्त कराकर दोपहर 12 बजे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति शुरू करा दी गई। इस बाबत अवर अभियंता विवेक खरवार ने बताया कि तार टूट जाने से आपूर्ति ठप हो गई थी। जिसे सोमवार को दुरस्त कराकर आपूर्ति बहाल कर दी गई।