तहसील क्षेत्र में चल रहे संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में 50 बूथों पर एक भी नये मतदात फार्म न भरे जाने पर उपजिलाधिकारी डा. सीएल सेेनकर ने नाराजगी जताते हुए सभी 50 बीएलओ को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है। एसडीएम ने पाया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेने वाले युवाओं की संख्या घोसी में 600 तथा मधुबन में 505 है। इन दोनों क्षेत्रों में नये मतदाताओं की संख्या में 1105 मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। लेकिन फार्म नहीं भराए गए।
पहली सितम्बर से 31 अक्तूबर तक चलने वाले संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के समीक्षा में उन्होंने पाया कि तहसील क्षेत्र में पड़ने वाले घोसी और मधुबन विधानसभा क्षेत्र के 385 बूथों में से घोसी विधानसभा के 21 बूथों पर फार्म 6 और फार्म 7 के साथ फार्म 8 नहीं प्राप्त हुआ है। यही हाल मधुबन विधानसभा के 147 बूथों में से 29 में भी इन फार्मों की संख्या रही। इसको गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी ने शून्य फार्म संख्या वाले बूथों के सभी 50 बीएलओ को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है। एसडीएम ने बताया कि यह घोर लापरवाही है। राष्ट्रीय कार्यक्रम में शिथिलता ठीक नहीं है। इसको लेकर सभी 50 बीएलओ से स्पष्टीकरण मांगा गया है। एसडीएम की इस कार्यवाही से बीएलओ में हड़कंप की स्थिति है।