मऊ। महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर में मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच संवेदनशील इलाकों से होते हुए भगवान शिव की बारात निकली। इस दौरान बाराती बने लोगों ने तरह-तरह के रूप बनाकर नाचते गाते जमकर अबीर गुलाल उड़ाया। प्रशासन की ओर से सुरक्षा पर कड़ी नजर रखी जा रही थी।
शीतला माता मंदिर से श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की झांकी सजाकर बारात निकाली। भगवान शंकर के गण बने कुत्ता, बंदर, बिल्ली और भूत बैताल का रूप धरे श्रद्धालु बारात में आकर्षण का केंद्र रहे। गाजे बाजे के साथ नाचते गाते हुए निकले भगवान शंकर के बारातियों ने अबीर गुलाल उड़ाया। शिव बारात दशई पोखरा चौराहा होते हुए मिर्जाहादीपुरा, डीएवी, आर्यसमाज, संस्कृत पाठशाला, सदर चौक, सिंधी कालोनी, रेलवे फाटक, बाल निकेतन, रोडवेज ओवरब्रिज होते हुए शीतला मंदिर पहुंची। इस दौरान जगह-जगह बारातियों का स्वागत हुआ। मंदिर में आरती के बाद प्रसाद का वितरण किया गया।