पहसा। हलधरपुर थाना सीसीटीवी कैमरे से लैस होने जा रहा है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद कैमरा लगाने की कवायद शुरु कर दी गयी है। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार थानें में सीसीटीवी कैमरे लग जाने के बाद कई तरह की समस्याओं से स्वत: निजात मिल जाएगी। थाने में अवैध कार्यों के लिए आने वालों दलालों पर अंकुश लगेगा। थाने में अपनी शिकायतें लेकर आने वाले फरियादियों के साथ प्राय: पुलिस कर्मियों द्वारा अपमानजनक आचरण करने की शिकायतों पर भी अंकुश लगेगा। इसके साथ पुलिस कर्मियों द्वारा अवैध वसूली पर भी प्रभावी अंकुश लगाने में यह सीसीटीवी कैमरा मददगार साबित होगा।
सूत्रों के अनुसार थाने की हर गतिविधि को जिले के पुलिस मुखिया की सीधी नजर रहेगी क्योंकि इसकी मानीटरिंग पुलिस अधीक्षक के हाथों में रहेगी। विभागीय सूत्रों के अनुसार इसमें दो प्रकार के कैमरे लगाए जाएंगे।जिसमें एक बुलेट कैमरा रहेगा जो थाना कार्यालय में लगाया जाएगा तथा दूसरा ड्रोन कैमरा होगा जो मुख्य गेट पर लगाया जाएगा। ताकि थाने में आने जाने वाले हर शख्स पर पैनी नजर रखी जा सके।इस बाबत क्षेत्राधिकारी मधुबन शिबरत्न गौतम का कहना है कि शासन की नीतियों के तहत लगाए जारहे सीसीटीवी कैमरों से कई प्रकार के लाभ होंगे। (ब्यूरो)