तहसील में विगत कई दिनों से चल रही अधिवक्ताओं की हड़ताल शनिवार को एसडीएम से वार्ता के बाद समाप्त हो गई। हड़ताल समाप्त होने से वादकारियों ने राहत की सांस ली है।
बताते चले कि तहसील बार एसोसिएशन और उपजिलाधिकारी अतुल वत्स के बीच कुछ मुद्दों पर सहमति न बन पाने से तहसील के अधिवक्ता एक सप्ताह से तहसील की सभी न्यायालयों का कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर थे। शनिवार को एसडीएम ने खुद ही पहल किया, और अचानक अधिवक्ताओं के चेंबर में पहुंच गए। अपने बीच उपजिलाधिकारी को देखकर अधिवक्ता संघ ने भी सकारात्मक पहल करते हुए वार्ता कर अपनी समस्या से अवगत कराया। एसडीएम अतुल वत्स द्वारा भविष्य में हर संभव उनका सहयोग करने की बात कहने पर अधिवक्ताओं ने हड़ताल समाप्त कर दिया। दोनों पक्षों ने सभी मतभेद भुलाकर न्यायिक कार्यों में हर संभव मदद करने और भविष्य में एक दूसरे का सम्मान करने का निर्णय लिया। हड़ताल समाप्त के होने के बाद एसडीएम ने कोर्ट में कुछ देर तक न्यायिक कार्य करते हुए माननीय उच्च न्यायालय के निर्देश के क्रम में चार मुकदमों की सुनवाई भी की गई। अधिवक्ताओं की हड़ताल खत्म होने पर तहसील पर मौजूद सैकड़ो वादकारियों ने राहत की सांस ली। वार्ता के दौरान अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुदर्शन मौर्य, मंत्री खालिद कमाल, वरिष्ठ अधिवक्ता रामपलट राय, एजाज खान, महेंद्र राय, लल्लन सिंह, संतोष श्रीवास्तव, विनय श्रीवास्तव, रामजी सिंह, खुर्शीद अहमद आदि समेत अन्य अधिवक्ता शामिल रहे।