मऊ। पीडब्ल्यूडी की विशेष सचिव तथा नोडल अधिकारी प्रीति शुक्ला ने घोसी ब्लाक क्षेत्र के घोघवल रामपुर गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। ग्राम प्रधान तथा ब्लाक प्रमुख सुजीत सिंह द्वारा मालाभेंट कर विशेष सचिव का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन योजना के अंतर्गत बन रहे शौचालयों की समीक्षा की गई। जिसमें 292 शौचालय में से 223 शौचालय पूर्ण मिले। बचे हुए शौचालय का निर्माण जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिया। विशेष सचिव ने कहा कि प्रदेश के सभी गांवों को ओडीएफ करना है। इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न करें। बचे हुए शौचालय का निर्माण करके फोटो अपलोडिंग कराएं। विशेष सचिव ने शौचालय का उपयोग करने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया। साथ ही खुले में शौच से होने वाली बीमारियों को को भी बताया। विशेष सचिव द्वारा ग्राम प्रधान को निर्देश दिया गया कि लोगो को शौचालय का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें।
इस दौरान दिव्यांग पेंशन योजना के अंतर्गत मिल रही पेंशन के बारे में लाभार्थियों से पूछा गया तो लोगो द्वारा पेंशन न मिलने की शिकायत की। इस पर उन्होंने दिव्यांगजन अधिकारी को लाभार्थियों का चयन कर उन्हे योजना का लाभ देने का निर्देश दिया। इस दौरान विशेष सचिव ने गर्भवती को पुष्टाहार देकर गोद भराई तथा बच्चों को खीर खिलाकर अन्न प्रासन्न की रस्म अदा कराई। उन्होंने घोघवल रामपुर के गांव के प्रांगण में पौधरोपण किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, परियोजना निदेशक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिलापूर्ति अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, ब्लाक प्रमुख सुजीत सिंह, ग्राम प्रधान आदि शामिल रहे।