घोसी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोसी में शुक्रवार की सुबह रैबीज इंजेक्शन न होने पर मरीजों ने नारेबाजी के बीच हंगामा किया। वहीं मरीजों की शिकायत पर पहुंचे ब्लाक प्रमुख ने केंद्र अधीक्षक से इंजेक्शन पर लिखित जानकारी मांगी। आनाकानी करने पर ब्लाक प्रमुख और मरीजों ने अस्पताल के मुख्य गेट पर ताला बंद कर दिया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार ने समस्या निस्तारण का आश्वासन देकर ताला खुलवाया।
शुक्रवार की सुबह 11 बजे तहसील के घोघवल गांव के प्रधान सास को लेकर सीएचसी पहुंचे। चिकित्सक और कर्मचारियों ने इंजेक्शन न होने की बात कही। जिस पर उनसे अस्पताल कर्मी में थोड़ी नोकझोंक हो गई। उन्होंने इसकी शिकायत ब्लाक प्रमुख सुजीत सिंह से की। वह भी अस्पताल पहुंचे और इंजेक्शन की उपलब्धता की जानकारी लिखित में मांगी। लिखित न देने पर नाराज ब्लाक प्रमुख और मरीजों ने सीएचसी केंद्र के मुख्य गेट पर ताला बंद कर दिया। साथ ही इसकी सूचना एसडीएम डॉ. सीएल सोनकर को दी। जिस पर एसडीएम ने तहसीलदार ओपी पांडेय को मौके पर भेजा। प्रमुख ने आरोप लगाया कि अस्पताल में अव्यवस्था है।
तालाबंदी करने वाले में यादवेंद्र, महेंद्र यादव, खुर्शीद खान, वशी प्रधान, यदुनंदन, रामभवन चौहान आदि मौजूद रहे। वहीं सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह का कहना है कि एंटी रैबिज इंजेक्शन भेजा गया था, जहां स्टॉक समाप्त हो गया था। जल्द ही दूसरा स्टॉक भेज दिया जाएगा।