भारत स्वच्छ मिशन के तहत सरकार से मिली राशि को बैंक प्रबंधन द्वारा लाभार्थियों के खाते में न भेजे जाने से इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। जबकि प्रशासन की ओर ग्राम प्रधानों को लक्ष्य के सापेक्ष शौचालय निर्माण पूरा कराने के लिए निरंतर दबाव बनाया जा रहा है। शुक्रवार को इस समस्या को लेकर फतेहपुर मंडाव ब्लॉक के आठ गांवों के ग्राम प्रधानों ने बैंक प्रबंधक से मिलकर राशि लाभार्थियों के खाते में भेजे जाने की मांग की। जिससे कार्य पूरा कराया जा सके। साथ ही राशि न भेजे जाने पर बैंक के बाहर प्रदर्शन की चेतावनी दी।
फतेहपुर मंडाव ब्लॉक के नेवादा गोपालपुर, मुडाडार मनियार, परसिया जयराम गिरी, भेडकुल सुल्तानपुर, गजियापुर, कुंवरपुरवा, अम्मा भेलऊर, तिघरा गांवों के लाभार्थियों का खाता गजियापुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में है। ग्राम प्रधानों का आरोप है कि शासन स्तर से लाभार्थियों की सूची 15 दिन पहले दी जा चुकी है। बावजूद बैंक प्रबंधन द्वारा अभी तक किसी भी लाभार्थियों के खाते में योजना के तहत आई राशि को नहीं भेजी जा रही है। उधर अधिकारियों द्वारा शत प्रतिशत शौचालय निर्माण को लेकर पड़ रहे दवाब के चलते शुक्रवार को ग्राम प्रधानों का दल बैंक प्रबंधक से मिला। मांग किया लाभार्थियों के खाते में राशि भेजी जाए, जिससे कार्य समय सीमा में पूरा कराया जा सके। साथ ही चेताया कि सोमवार की शाम तक लाभार्थियों के खाते में राशि नहीं आने पर ग्राम प्रधान मजबूरन लाभार्थियों के नेतृत्व में बैंक कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन को मजबूर होंगे। इस मौके पर ग्राम प्रधान अमित तिवारी, गया यादव, कुंवर श्याम, नारायण सिंह, सूर्यभान यादव, लाला यादव, ओमप्रकाश गोंड, सुशील शुक्ल और जगदीश आदि मौजूद रहे।