सुविधाओं से वंचित है वलीदपुर नगर पंचायत
दो साल बाद भी वार्डों में नहीं बिछी पाइप लाइन
अमर उजाला ब्यूरो
वलीदपुर। नगर पंचायत वलीदपुर सोलह वार्डो में वर्तमान में न तो पंचायत की ओर से घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए नाली निर्माण कराया गया है, न ही आवागमन के लिए सीसी रोड बनाई गई है। इसके अलावा पंचायत की ओर से स्वच्छता अभियान न चलाने वार्डों में चारों तरफ गंदगी का आलम बना हुआ है। व्याप्त असुविधाओं को लेकर क्षेत्रवासियों ने कई बार नगर पंचायत के अधिकारियों को अवगत करा चुके है, इसके बावजूद समस्याओं का निस्तारण नहीं हो सका है।
बताते चले कि शासन की ओर से मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के 45 हजार आबादी वाले ग्राम पंचायत वलीदपुर को दो वर्ष पूर्व नगर पंचायत के रूप में तब्दील कर दिया था। इसके तहत नगर पंचायत में 16 वार्ड बनाया गया था। नगर पंचायत बनने के दो साल वार्डो में तो आज तक घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी से नाली बनवाई गई है, न वार्डों में आवागमन के लिए सीसी रोड का निर्माण कराया गया है।
नगर पंचायत की ओर से एक साल पूर्व वार्डों में पेयजल समस्या को देखते हुए लाखों रुपए की लागत से 45 समरसेबुल तो लगा दिया गया, लेकिन पाइप लाइन न बिछाए जाने से पानी आपूर्ति नहीं शुरू हो सकी है। वार्डों में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर क्षेत्र के सलाउदीन, राजकुमार गुप्ता, शकील अहमद, वकील अहमद, मोहम्मद जियाउलहक, मजहर, पवन का कहना है कि ग्राम पंचायत से नगर पंचायत बनने पर लोगों को क्षेत्र में विकास की उम्मीद बनी थी। लेकिन दो साल बाद नगर पंचायत की ओर से कोई विकास कार्य न कराए जाने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में नपं के ईओ विनीत कुमार का कहना है कि नगर के विकास हेतु हर संभव प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही सभी वार्डों में पाइप लाइन बिछाए जाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।