कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में आयोजित मतदेय स्थलों के संबध में बैठक को संबोधित करते डीएम वैभव श्रीवास्तव।
मतदेय स्थलों के सुविधाजनक विभाजन को अंतिम रूप देने के लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, महामंत्री तथा सांसद एवं जन प्रतिनिधियों के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में गुरुवार को बैठक हुई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी लखनऊ द्वारा दिए गए निर्देश के क्रम में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए सभी मतदेय स्थलों के भवनों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में यह तय हुआ कि जनपद में 1580 मतदेय स्थल बनाए जाएंगे।
कहा गया कि उन्हीं मतदेय स्थलों को इस श्रेणी में रखा जाए जहां भवन जीर्णशीर्ण अथवा संकटपूर्ण स्थिति में हों। मतदेय स्थल मतदान क्षेत्र से बाहर हो अथवा मतदाताओं को मतदेय स्थल तक पहुंचने के लिए नदी, नहर आदि पार करने पड़ते हों। इसके अलावा मतदाताओं को मतदेय स्थल तक पहुंचने के लिए दो किलोमीटर अथवा इससे अधिक की दूरी तय करनी पड़ती हो। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान केंद्र पर दो से इससे अधिक मतदेय स्थल तथा शहरी क्षेत्रों में चार अथवा इससे अधिक मतदेय स्थलों की संख्या के बारे में रिपोर्ट मंगाई गई थी।
मतदेय स्थल प्रथम तल पर या इससे ऊपरी मंजिल पर है। यदि मतदेय स्थल किसी पुलिस थाना, अस्पताल, मंदिर या धार्मिक स्थान में रहने का संज्ञान लिया गया है। इन बिंदुओं के अतिरिक्त मूलभूत सुविधाएं जैसे दिव्यांगों के लिए रैम्प, शौचालय, पीने के लिए पानी ,बैठने के लिए फर्नीचर, छाया, विजली की सुविधा आदि की जांच के उपरांत यदि कोई आपत्ति हो तो उसका निराकरण कराने के संबंध में प्राप्त सुझाओं को जल्द से जल्द जांच कराकर निस्तारण कराने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए।
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2017 के लिए मतदेय स्थलों के संभाजन के पश्चात् मतदेय स्थल मधुबन विधान सभा में कुल मतदेय स्थल 397, घोसी में 409, मुहम्मदाबाद गोहना में 356, सदर में 418 मिलाकर कुल 1580 मतदेय स्थल हैं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जीके त्यागी, नगर मजिस्ट्रेट अमरनाथ राय ,उप कृषि निदेशक डा. आशुतोष मिश्र , सपा के कुद्दूस अंसारी , बसपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार सहित प्रतिनिधि रहे।