नगर के बमघाट बंधा मार्ग पर श्रीगंगा तमसा सेवा समिति के नेतृत्व में मठियाटोला के लोगों ने गुरुवार को चक्काजाम कर दिया। नराज लोगों का आरोप था कि नगर पालिका द्वारा मठियाटोला में बनाया गया सामुदायिक शौचालय बदहाल होने पर इस पर आश्रित लोगों को खुले में शौच के लिए जाना पड़ रहा है। शिकायतों के बाद भी नगर पालिका द्वारा समस्या का निस्तारण नहीं कराया जा रहा है। उधर बंधा मार्ग पर चक्काजाम की सूचना पर पहुंची एसडीएम सदर के आश्वासन पर लोग शांत हुए और चक्काजाम समाप्त हुआ। इस दौरान बंधामार्ग पर आवागमन बंद रहा।
नगर के मठियाटोला में नगर पालिका द्वारा लाखों रुपये की लागत से सामुदायिक शौचालय बनवाया गया है। शिकायतों के बाद नगर पालिका द्वारा कोई निस्तारण न होता देखकर गुरुवार को श्रीगंगा तमसा सेवा समिति के नेतृत्व में 50 से ज्यादा महिलाएं और पुरुषों ने बमघाट बंधा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना पर सदर एसडीएम डॉ. अंकुर लाठर पहुंची और लोगों को समस्या का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद लोगों ने चक्काजाम समाप्त किया। चक्काजाम करने वालों में सावित्री पटेल, जानकारी देवी, शांति सोनकर, विमला सोनकर, मीरा, सविता, मिंता देवी, संपाती देवी, माधुरी, रेनू, सीता, रिंकी, मुन्नी, ज्ञानेंद्र मिश्रा, श्रीकांत त्रिपाठी, छोटेलाल गांधी, नंदलाल साहनी, उदय प्रताप वर्मा, शरद राय, मुकेशनाथ तिवारी आदि शामिल रहे।