नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में बेतहाशा गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। यहां तक की तपिश बरकरार है और पारा 42 डिग्री सेल्सियस पर भाग रहा। जबकि कूलर और पंखे भी गर्म हवा छोड़ रहे। गर्मी के चलते बाजारों में दोपहर को सन्नाटा पसर जा रहा।
जून माह के दूसरे हफ्ते में गर्मी का कहर जारी रहने से लोगों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है। रविवार को भी पारा 42 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर के समय आसमान से अंगारे बरस रहे थे। सुबह 10 बजे ही आग बरसानी शुरू हो जा रही। तेज धूप होने से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा। लोग गर्मी के चलते बीमार पड़ रहे हैं। चिकित्सक भी लोगों को धूप में पैदल चलने को मना कर रहे हैं।
बिजली के अप डाउन होने से लोगों को दिन रात बिताना मुश्किल हो रहा है। रात के समय बिजली गुल होने की स्थिति में लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। रानीपुर संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में गर्मी का प्रकोप चरम पर है। दोपहर होते ही बाजारों में सन्नाटा की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। गर्मी के मौसम में हैंडपंपों के खराब रहने के चलते लोगों को शुद्ध पानी के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है। गर्मी से बचने के लिए लोग सत्तू, बेल का शर्बत, आम का पन्ना, तरबूजा, ककड़ी, खीरा आदि का प्रयोग करते देखे जा रहे हैं।