चिरैयाकोट (मऊ)। थाना क्षेत्र के चिरैयाकोट-मुहम्मदाबाद गोहना मार्ग स्थित मठिया के पास सोमवार की भोर में एक अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे बाइक चालक और सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही बाइक चालक की मौत हो गई, वहीं दूसरे युवक की हालात गंभीर बनी हुई है।
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर गांव निवासी रजत राम (22) पुत्र स्व. सुुुुरेंद्र राम रविवार की रात रानीपुर थाना क्षेत्र के गोकुलपूरा गांव में वैवाहिक कार्यक्रम में आजमगढ़ जिले के कोल्हूखोर गांव निवासी भूपेंद्र राम (26) पुत्र परमहंस राम के साथ आया हुआ था। सोमवार की भोर वैवाहिक कार्यक्रम पूरा होने के बाद रजत अपने साथी भूपेंद्र को उसके गांव छोड़ने जा रहा था। अभी वह चिरैयाकोट-मुहम्मदाबाद गोहना मार्ग स्थित मठिया गांव के पास पहुंचा था कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे बाइक चला रहा रजत और पीछे बैठा भूपेंद्र घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को लेकर जिला अस्पताल आ रहे थे, जहां रास्ते में रजत की मौत हो गई, वहीं भूपेंद्र को जिला अस्पताल में लाकर भर्ती कराया, जहां उसकी हालात गंभीर बनी हुई है। उधर घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।