बढुआगोदाम (मऊ)। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के एक गांव की वनवासी बस्ती की एक महिला ने अपने चार पड़ोसियों के स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनवाए गए शौचालयों को तोड़ कर नष्ट कर दिया। महिला की बेटी ने मां की मर्जी के खिलाफ पहले से तय परिवार के युवक के साथ शादी कर लिया। महिला बेटी को बरगलाने का आरोप लगाते हुए अपने पड़ोसियों से नाराज हो गई और ऐसा कदम उठाया।
एक गांव की एक वनवासी युवती की शादी गाजीपुर जिले के सादात थाने के एक गांव निवासी युवक से तय हुई थी। किन्हीं कारणों से युवती की मां इस शादी के खिलाफ हो गई। वह अपनी बेटी की शादी कहीं और करना चाहती थी। लेकिन इस बीच युवती ने अपने मां बाप के घर से भागकर उसी युवक के साथ शादी कर लिया। इसकी जानकारी होते ही युवती की मां काफी नाराज हो गई। उसने हंगामा शुरू कर दिया। इसके लिए अपने पड़ोसियों पर बेटी को बरगलाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि महिला ने अपने चारों पड़ोसियों के स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए गए चार शौचालयों को तोड़ कर नष्ट कर दिया। हालांकि इस बारे में पीड़ित पक्ष ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।