रतनपुरा ब्लाक के हलधरपुर गांव में जलनिगम द्वारा स्थापित ओवरहेड टैंक का मोटर फुंकने से बीते दो माह से 20 से ज्यादा गांवों में पेयजल आपूर्ति ठप है। पानी न आने से लोग बेहाल हैं। लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। ग्रामीण भीषण गर्मी में शुद्ध जल लाने के लिए दूरदराज लगे हैंडपंपों से पानी लाकर प्यास बुझा रहे हैं।
बताते चलें कि रतनपुरा ब्लाक के हलधरपुर बाजार में लगे ओवरहेड टैंक से हलधरपुर, मझौली, बस्ती, साहपुर, जगभानपुर, मऊ कुबेर सहित 20 से ज्यादा गांवों में पेयजल आपूर्ति की जाती है। जहां बीते दो माह पूर्व ओवरहेड टैंक का मोटर फुंक जाने से हलधरपुर सहित दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों में पानी को लेकर हायतौबा मची है। भीषण गर्मी में पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीण पानी के लिए तरस रहे हैं। इसके चलते ग्रामीणों को दूर दराज स्थित जल स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। ग्राम प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष नरसिंह सिंह, भगवान सिंह, सच्चिता गुप्ता, दिनेश गुप्ता, रामजी सिंह, सहित अन्य ने बताया कि इस बाबत जल निगम के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया। मगर समस्या का निराकरण नहीं हो सका। उधर दो माह से पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों में खासा आक्रोश है। जल निगम के अधिशासी अभियंता एमए किदवई का कहना है कि मोटर में खराबी आने से पेेयजल आपूर्ति ठप हो गई थी। सामान मंगाया गया है। जल्द ही मोटर को दुरुस्त कराकर पानी की आपूर्ति कराई जाएगी।