मऊ। आरटीआई कार्यकर्ता की हत्या के मामले में शनिवार को गांव बचाओ मोर्चा के सदस्य कलेक्ट्रेट पहुंचकर मांगों का ज्ञापन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को सौंपा। इसमें संगठन के लोगों ने मांग किया कि आरटीआई कार्यकर्ता बाल गोविंद सिंह की हत्या में आरोपित नामजद आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए। साथ ही मृतक के पीड़ित परिवार को किसान बीमा योजना के साथ मृतक आश्रित योजना के तहत सरकारी आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
संगठन के महासचिव छोटेलाल गांधी ने कहा कि बदमाशों की गोली का शिकार हुए बाल गोविंद गांव बचाओ मोर्चा के सचिव थे। अपराधियों द्वारा दिन दहाड़े उनकी गोली मारकर हत्या की गई। लेकिन हत्या के चौथे दिन भी पुलिस हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी, जो पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा रहा है। बोले जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, संगठन आंदोलन करता रहेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान डॉ. रमाशंकर यादव, सूरज सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।