मधुबन तहसील के दुबारी ग्रामसभा में जलनिगम द्वारा पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई गई पेयजल आपूर्ति के क्षतिग्रस्त पाइन लाइन से पिछले 15 दिनों से सैकड़ों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को दुरस्त न कराने से जहां सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है, वहीं लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है।
बताते चले कि दुबारी ग्राम सभा में 350 उपभोक्ताओं को जलनिगम विभाग द्वारा पाइपलाइन से पेयजल आपूर्ति की जाती है। लेकिन विगत 15 दिनों से क्षतिग्रस्त पाइप लाइन के चलते रोजाना सैकड़ों लीटर पानी सड़कों पर बह रहा है। पानी के सड़कों पर बहने से जहां जलभराव से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ता गोपाल पटेल, रामबदन मौर्या,वीरेंद्र मौर्या, राजेंद्र सैनी, शिवानंद यादव, त्रिवेणी ठाकुर, मन्नू ठाकूर, देवनाथ पासवन आदि ने बताया कि कई बार इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से शिकायत कर चुके है। बावजूद लीकेज की समस्या को दुरस्त नहीं कराया जा रहा है। इस बावत जेई हर्षित बरनवाल का कहना है कि समस्या उनकी संज्ञान में है। जल्द ही इसका निस्तारण कर दिया जाएगा।