मुहम्मदाबाद गोहना। प्राथमिक विद्यालयों में छात्रों के शत प्रतिशत नामांकन को लेकर शनिवार को मुहम्मदाबाद गोहना बीआरसी पर स्कूल चलो अभियान के क्रम में रैली निकाली गई। रैली को क्षेत्रीय विधायक श्री राम सोनकर और बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी तिवारी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान दर्जनों विद्यालयों के बच्चों ने जागरुक करने वाले नारे लिखे बैनर और पोस्टर के माध्यम से 5 साल से ऊपर के सभी बच्चों का प्रवेश सरकारी स्कूलों में कराए जाने का संदेश दिया।
रैली को रवाना करने से पूर्व विधायक श्री सोनकर ने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाने को लेकर गंभीर और दृढ़ संकल्पित है। मौजूदा सरकार ने सरकारी स्कूलों में भी कान्वेंट स्कूलों की तरह अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा देने को लेकर सभी शिक्षा खंडों में मॉडल स्कूल खोल दिया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी तिवारी ने कहा कि जनपद में प्राथमिक के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा का माहौल बनाने का पूरा प्रयास करेंगे। कहा कि सभी शिक्षक पूरे मनयोग से शिक्षण कार्य मे रुचि लेकर अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। बीआरसी से निकली रैली कस्बा के विजय स्तंभ चौक, स्टेशन रोड, गांधी नगर रोडवेज आदि होते हुए पुन: बीआरसी पर आकर समाप्त हुआ। रैली में मुहम्मदाबाद, कबीराबाद, बरईपुर, कस्तूरबा, जमालपुर पोखरा, नार्मल आदि स्कूलों के हजारो छात्र शामिल थे। इस मौके पर एबीएसए राजीव यादव, धनज्ञय सिंह, राजेश राम, शशिभूषण राय, अरविंद चौहान, मोती राम, बीरेंद्र कुशवाहा आदि शिक्षक शामिल रहे।