मुहम्मदाबाद गोहना। पर्यावरण सुरक्षा को लेकर लोगों मे जनजागरूकता बढ़ाने के उ्द्देश्य से नीलकंठ संस्था की ओर से बुधवार को जिला सहकारी बैंक परिसर में मुख्य विकास अधिकारी आशुतोष द्विवेदी द्वारा पौधरोपण किया गया। इस दौरान श्री द्विवेदी ने पर्यावरण सुरक्षा को लेकर सभी लोगों को जागरूक रहने और अधिक संख्या में पौधरोपण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम के तहत दो दर्जन पौधें लगाए गए। बतौर मुख्य अतिथि सीडीओ आशुतोष कुमार द्रिवेदी ने पौधरोपण करते हुए कहा आधुनिकता के इस दौर में जहां एक ओर बड़ी संख्या में जंगलों की कटाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर इसके सापेक्ष बेहद कम संख्या में पौधरोपण किया जा रहा है। लोगों के पर्यावरण के प्रति जागरूकता न होने से प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। जबकि पेड़ के अभाव में पृथ्वी पर जीवन असंभव है, इसलिए पर्यावरण के सरंक्षण के लिए हर व्यक्ति की व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेते हुए कम से कम पांच पौधे लगाने चाहिए। इस मौके पर नीलकंठ संस्था के प्रमुख संस्थापक विनोद पांडेय, पारस नाथ राय, नीलकंठ पांडेय, एनमुल्लाह, राधेश्याम सिंह, शहंशाह आलम, आदि प्रमुख लोग उपस्थित रहे।